बरेली। थाना सुभाष नगर क्षेत्र के रविंद्र नगर स्थित प्रयागो इंटर कॉलेज में एक शिक्षक द्वारा छात्र की पिटाई का मामला सामने आया है। घटना में घायल 15 वर्षीय छात्र कृष्णा अग्निहोत्री को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।पीड़ित छात्र कृष्णा अग्निहोत्री ने बताया कि वह प्रयागो इंटर कॉलेज में कक्षा 9 का छात्र है। उसका भाई देव अग्निहोत्री भी उसी स्कूल में पढ़ता है। कृष्णा के अनुसार, उसका भाई देव उससे अपना क्लास रूम पूछने आया था। इसी दौरान स्कूल के शिक्षक भगवत सरन वहां पहुंच गए और गुस्से में आकर कृष्णा के पेट में घूंसे मारने लगे। आरोप है कि पिटाई के बाद उसकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसने परिवार को सूचना दी।सूचना मिलने पर परिजन स्कूल पहुंचे और कृष्णा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।छात्र की मां लवली अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि शिक्षक भगवत सरन ने उनके बेटे को बुरी तरह पीटा, जिससे उसके पेट में तेज दर्द हो रहा है।वहीं, शिक्षक भगवत सरन ने मारपीट के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने छात्र को केवल डांटा था। उनका कहना है कि छात्र के पेट में पहले से कोई समस्या रही होगी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र के परिजनों ने स्कूल में आकर उनके साथ मारपीट की।जिला अस्पताल के डॉक्टर गजेंद्र ने बताया कि एक छात्र को पेट दर्द की शिकायत के साथ भर्ती किया गया है। छात्र ने शिक्षक द्वारा मारने की बात कही है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।