अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रतिभाशाली छात्राएं व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सम्मानित
बरेली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को कलैक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम लखनऊ स्थित जूपिटर हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान गोमती नगर में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के साथ संपन्न हुआ, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश के मुख्यमंत्री ने की। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा इसका सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जनपदों में कराया गया।
जनपद बरेली में आयोजित कार्यक्रम में सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, मेयर डॉ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) संतोष कुमार, अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ दुबे, जिला प्रोबेशन अधिकारी मोनिका राणा तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जिला प्रोबेशन अधिकारी मोनिका राणा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं व बालिकाओं का स्वागत करते हुए अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं जैसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड/सामान्य) तथा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के बारे में जानकारी दी। साथ ही सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत 0 से 14 वर्ष तक के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 (आपात सहायता), 1090 (वीमेन पावर लाइन) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) के बारे में भी अवगत कराया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के उन लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने कक्षा 10वीं व 12वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। इसके साथ ही जनपद के 15 विकास खंडों में बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में संघर्ष कर सफलता हासिल करने वाली महिलाओं की प्रेरक कहानियों को सोशल मीडिया, अखबार और रेडियो के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा, जिससे अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
मेयर डॉ. उमेश गौतम ने बालिकाओं को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि शिक्षित महिलाएं ही सशक्त समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभा सकती हैं और समाज के हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकती हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल और राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पाण्डेय ने केक काटकर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया तथा उपस्थित महिलाओं व बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने सभी को अपनी प्रतिभा को पहचान कर समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया, ताकि सभी मिलकर विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।













































































