बरेली। थाना किला क्षेत्र के स्वाले नगर नवदिया, रामपुर रोड स्थित गाटा संख्या 157 के कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। पेट्रोल पंप के सामने स्थित इस कब्रिस्तान में लंबे समय से मुस्लिम समाज के लोग अपने परिजनों को दफनाते आ रहे हैं और यहां कई कब्रें मौजूद हैं। आरोप है कि स्थानीय निवासी राजू खां पुत्र हसीब खां, नसीम बानो पत्नी राजू, दानिश, सोया व रोहित ने कब्रस्तान की भूमि पर अवैध पक्का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। इस संबंध में मोहम्मद शारिक ने जिलाधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जब मुस्लिम समाज के लोग निर्माण कार्य रुकवाने पहुंचे तो आरोपितों ने मारपीट पर उतारू हो गए। सूचना पर थाना किला चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन निर्माण कार्य नहीं रुकवाया गया। पीड़ित का आरोप है कि थाना किला व उच्च अधिकारियों से शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अतिक्रमण नहीं रोका गया तो कब्रिस्तान का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा। मामले को लेकर मुस्लिम समाज में आक्रोश व्याप्त है। शिकायत के दौरान मोहम्मद जाफर, राशिद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।