बरेली। थाना इज्जतनगर पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला से कई बार शारीरिक संबंध बनाने, शादी के लिए कहने पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने तथा आठ लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार महिला ने थाना इज्जतनगर में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि मोहित कुमार कन्नौजिया ने उसे शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। महिला द्वारा शादी करने के लिए कहने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपी पक्ष की ओर से महिला से आठ लाख रुपये की रंगदारी की मांग भी की गई। शिकायत के आधार पर थाना इज्जतनगर में 10 अगस्त को मुकदमा दर्ज किया गया था। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी इज्जतनगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 11 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर मुकदमे में वांछित मोहित कुमार कन्नौजिया पुत्र मनोहर पाल सिंह, निवासी मकान संख्या 301, जगतपुर, थाना बारादरी, बरेली को गल्ला मंडी के सामने से करीब 11:10 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुरेश चन्द्र गौतम, उपनिरीक्षक सुनील कुमार तथा कांस्टेबल मनीष मलिक और सौरभ कुमार शामिल रहे।