बरेली। फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” के विरोध में मंगलवार को यादव समाज के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी सेठ दामोदर स्वरूप पार्क से जुलूस निकालते हुए जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने फिल्म के पोस्टर जलाए और फाड़े। इसके बाद महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अपर जिला अधिकारी को सौंपा गया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे यशवीर यादव जिला अध्यक्ष, श्रमिक सभा ने कहा कि हाल ही में बनी फिल्मों “यादव जी की लव स्टोरी” एवं “घूसखोर पंडित” की कथाएं यादव समाज एवं ब्राह्मण समाज की भावनाओं को आहत करती हैं। उनका आरोप है कि इन फिल्मों की कहानी धार्मिक एवं जातीय आधार पर वैमनस्यता और कटुता फैलाने वाली है, जिससे सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को ठेस पहुंच रही है। वक्ताओं ने कहा कि ऐसी फिल्मों पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए तथा संबंधित निर्माता-निर्देशकों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी फिल्म निर्माता धार्मिक या जातीय उन्माद फैलाने का प्रयास न करे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि फिल्मों की रिलीज पर रोक नहीं लगाई गई तो यादव एवं ब्राह्मण समाज सड़क पर उतरकर व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा। प्रदर्शन के दौरान दीपक यादव , नामी सरन यादव , चरन सिंह यादव, अभिषेक यादव , मुकेश यादव , गौरव यादव सहित कई