बरेली। विकास क्षेत्र क्यारा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बारी नगला में सावन के प्रमुख पर्व तीज के उपलक्ष्य में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने हाथों पर आकर्षक और मनमोहक मेहंदी की डिजाइंस उकेरीं।प्रतियोगिता में संध्या ने प्रथम, भावना ने द्वितीय और सोनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं स्वाति, अंजू, सुनाक्षी, प्रियांशी और शिवा को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। माता पार्वती और भगवान शिव का रूप धारण करने वाली छात्राओं कविता और मोनी को भी पुरस्कृत किया गया।मीना मंच प्रभारी शिक्षिका प्रीति शर्मा एवं अनुदेशक (कला) आशा राणा ने छात्राओं को तीज पर्व की महत्ता के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि तीज प्रेम, भक्ति, वैवाहिक सुख और परिवार की खुशहाली का प्रतीक माना जाता है। महिलाएं परिवार और रिश्तों की सुख-समृद्धि की कामना के साथ श्रद्धापूर्वक इस पर्व को मनाती हैं। विजेता बच्चों को ग्राम प्रधान शिव कुमार पटेल एवं प्रधानाध्यापक डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम में नवनीत यादव, रजी हसन, धर्मेन्द्र पटेल, ऊषा देवी, मोहिनी देवी आदि का विशेष योगदान रहा। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।