मधुर सुरों से गूंजा मंच, गायन प्रतियोगिता में प्रतिभाओं ने दी शानदार प्रस्तुतियां
बरेली। संगम कला समूह, बरेली चैप्टर की ओर से माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल के सहयोग से स्कूल कैंपस में भव्य गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी मधुर प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। प्रतिभागियों की गायन प्रतिभा ने उपस्थित अतिथियों एवं संगीत प्रेमियों को प्रभावित किया।कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती को पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। मुख्य आयोजक डॉ. सौरभ कुमार अग्रवाल, अध्यक्ष, संगम कला समूह, बरेली चैप्टर एवं प्रबंधक, माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल ने सभी अतिथियों मेडिसिटी अस्पताल के निदेशक डॉ विमल भारद्वाज, अभिभावक संघ के अध्यक्ष अंकुर सक्सेना, थ्री डॉट्स स्कूल के चेयरमैन सौरभ मेहरोत्रा, साई मंदिर के महंत पंडित सुशील पाठक, निर्णायकों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रतिभाशाली कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में संगम कला समूह, बरेली चैप्टर के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट राहुल यदुवंशी एवं सचिव डॉ. अवनीश यादव शामिल रहे। मशहूर मिमिक्री आर्टिस्ट और संगीत प्रेमी प्रशांत पांडे अपने बैंड के साथ धूम मचाते नजर आए। कार्यक्रम एवं मीडिया संयोजक श्री स्वयं वर्मा भी उपस्थित रहे। डॉ. सौरभ कुमार अग्रवाल ने निर्णायक मंडल के सदस्यों एवं विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।प्रतियोगिता चार आयु वर्गों में आयोजित की गई। किड्स ग्रुप में अक्षिता सिंह ने प्रथम, आयुश्री सक्सेना ने द्वितीय और अर्णव त्रिवेदी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। आरोही सिंह एवं विदुषी श्रीवास्तव को सांत्वना पुरस्कार मिला।टीनएजर्स ग्रुप में कृपा दीक्षित प्रथम, दिव्यांशी गोसाई द्वितीय और अस्मिता सिंह तृतीय रहीं। तवंशिका कुंडले एवं सुरभि सोलंकी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।यंगस्टर्स ग्रुप में स्नेहा विरमानी ने प्रथम, प्रियंका ने द्वितीय और सिद्धांत शोरतिया ने तृतीय स्थान हासिल किया। अर्पित रस्तोगी एवं मुकेश दिवाकर को सांत्वना पुरस्कार मिला।वहीं एडल्ट्स ग्रुप में अमित कुमार प्रथम, रीटा सक्सेना द्वितीय और ज्योति सक्सेना तृतीय रहीं। निष्काम पांडेय एवं राजीव लोचन शर्मा को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। संगम कला के राष्ट्रीय जनसंपर्क प्रमुख रुद्राक्ष सेठ कुलश्रेष्ठ ने कार्यक्रम की सराहना की।सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ आयोजन का समापन हुआ। संगम कला समूह का यह प्रयास उभरती गायन प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ संगीत एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।















































































