बरेली। किसान सत्याग्रह आंदोलन समिति के संयोजक एवं सत्याग्रही डॉ. हरीश कुमार गंगवार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंडल आयुक्त से मुलाकात कर किसानों की समस्याएं रखीं। वार्ता सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई। डॉ. गंगवार ने बताया कि मंडल आयुक्त ने आश्वासन दिया है कि वह शीघ्र ही जिला अधिकारी से वार्ता कर समाधान का प्रयास करेंगे। गांधी पार्क, चौकी चौराहा पर कड़ाके की ठंड और खुले आसमान के नीचे 39 दिनों से अनिश्चितकालीन सत्याग्रह जारी है। हजारों किसान शांतिपूर्वक धरने पर बैठे न्याय की मांग कर रहे हैं। मामला बदायूं के ग्राम बगरैन स्थित उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के गोदाम से करीब 10,000 क्विंटल (1031 मीट्रिक टन) धान-गेहूं बीज, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है, की कथित लूट/गड़बड़ी से जुड़ा है। 27 जनवरी को जिला अधिकारी बदायूं द्वारा गठित चार सदस्यीय जांच समिति ने जांच शुरू की, लेकिन अब तक किसानों को कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली। किसानों ने जांच की प्रगति की नियमित जानकारी, विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा समिति में किसान प्रतिनिधि शामिल करने की मांग की है। डॉ. गंगवार ने कहा कि किसानों की मेहनत की कमाई दांव पर है। असलम चौधरी, जगदीश सरन, विपिन पटेल व उल्फत सिंह सहित सैकड़ों किसानों ने निष्पक्ष जांच, एसआईटी गठन और पूर्ण भुगतान की मांग दोहराई है।