बरेली। प्रदेश सरकार द्वारा सभी टैक्सी गाड़ियों पर वन टाइम टैक्स लागू किए जाने के निर्णय के विरोध में मंगलवार को टैक्सी मालिकों और चालकों ने प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में टैक्सी संचालक जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। टैक्सी चालकों का कहना है कि 30 जनवरी को वन टाइम टैक्स संबंधी आदेश ऑनलाइन सर्वर पर अपलोड किया गया, जबकि पूर्व में तिमाही, छमाही और वार्षिक टैक्स जमा करने की व्यवस्था लागू थी। बिना पूर्व सूचना के अचानक नई व्यवस्था लागू कर दी गई, जिससे टैक्सी व्यवसाय से जुड़े लोगों में रोष है। उनका कहना है कि एक वाहन पर लगभग एक से डेढ़ लाख रुपये तक का वन टाइम टैक्स जमा करना पड़ेगा, जो सामान्य चालक-मालिक के लिए बड़ी आर्थिक चुनौती है। ज्ञापन में मांग की गई कि पुरानी गाड़ियों पर पूर्व की भांति तिमाही, वार्षिक और लाइफ टाइम तीनों विकल्प बहाल किए जाएं, जबकि नई गाड़ियों पर नई व्यवस्था लागू की जा सकती है। साथ ही अधिसूचना के बाद लगे ऑनलाइन टैक्स पेनल्टी, ई-चालान और वाहन सीज जैसी कार्रवाई को निरस्त करने की भी मांग की गई। ज्ञापन की प्रतिलिपि परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश और संभागीय परिवहन अधिकारी, बरेली को भेजी गई है। TTOWA ने भी नियम में संशोधन की मांग करते हुए आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। प्रदर्शन के दौरान गौरव चौहान , सतेंद्र , सोनू पाल, वीरेंद्र पाल, अर्पित पटेल , सतेंद्र मौर्य, मुकेश गुलाटी , मुनाजिर रजा, अन्नू , शोएब, तेज प्रकाश , हरीश शर्मा , राम मोहन शर्मा , विकास कुमार , विजय गुर्जर , देवेंद्र सिंह पाल, पिंटू राणा , अनिल श्रीवास्तव , राहुल शर्मा , महेंद्र पटेल आदि मौजूद थे।