बरेली। जनपद में 16 फरवरी से चल रहे स्कूल आधारित मीजल्स-रूबेला (एमआर) टीकाकरण अभियान में बरेली प्रदेश में अब तक सबसे आगे चल रहा है। अभियान के तहत कक्षा 1 से 5 तक के 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को एमआर का टीका लगाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि अभियान के पहले चार कार्यदिवसों में 2168 सरकारी, सहायता प्राप्त व निजी विद्यालयों के कुल 93,315 बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है। हालांकि बोर्ड परीक्षाओं के कारण कई स्कूल तथा रमजान के चलते कुछ मदरसे बंद होने से अभियान की गति पर असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि खसरा और रूबेला दोनों संक्रामक रोग हैं और एमआर का एक टीका दोनों से सुरक्षा प्रदान करता है, इसलिए अभिभावकों को बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराना चाहिए। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए शहर के जनप्रतिनिधि व चिकित्सक संगठनों ने भी अपील की है। विद्यालयों में जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। दोहरा रोड स्थित जीआरएम स्कूल में मानव श्रृंखला बनाकर संदेश दिया गया, जबकि रोटरी क्लब द्वारा कार रैली निकाली गई। उन्होंने बताया कि टीकाकरण प्रमाणपत्र पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से यू-विन पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकता है।