बरेली। थाना कोतवाली क्षेत्र की चौपला बगिया गली नंबर-1 निवासी राजेश कुमार पुत्र स्वर्गीय जुगल किशोर के घर में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। घटना के समय परिवारजन घर के अंदर ही थे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा लगभग 75 हजार रुपये नगद, करीब 4 लाख रुपये के जेवरात तथा लगभग 1 लाख रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। पूनम चौधरी ने बताया कि आग लगने के दौरान गैस सिलेंडर भी फट गया, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि प्राथमिक आशंका शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव की जताई जा रही है। घटना से परिवार में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।