बरेली। भारत मंडपम में आयोजित वैश्विक एआई समिट के दौरान कथित विरोध प्रदर्शन को लेकर भारतीय जनता पार्टी नेताओं ने आक्रोश जताते हुए राहुल गांधी का पुतला दहन किया। भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष मुकेश राजपूत ने आरोप लगाया कि समिट जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं का अमर्यादित प्रदर्शन देश की छवि को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां भारतीय संस्कृति के विरुद्ध हैं और इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गलत संदेश गया है। भाजपा नेताओं ने घटना की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा कथित राष्ट्रविरोधी नारे लगाने वालों पर सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की। नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार है, लेकिन राष्ट्र की गरिमा से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन करने बालों में राजू उपाध्याय, अमन सक्सेना , मुकेश राजपूत सहित कई नेता मौजूद रहे।