बरेली। तहसील सदर के ग्राम चंदपुर बिचपुरी डोरिया के सैकड़ों ग्रामीणों ने आज आजाद समाज पार्टी कांशीराम के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य एवं प्रदेश उपाध्यक्ष अच्छन अंसारी एडवोकेट तथा जिला अध्यक्ष मनोज सागर के नेतृत्व में मंडल आयुक्त कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) द्वारा गांव के लगभग 70–80 मकानों को खाली कराने के नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें रहने वाले लोग गरीब मजदूर हैं और उनके पास रहने के लिए कोई अन्य मकान या संपत्ति नहीं है। ग्रामीणों ने मांग की कि रमजान, होली और ईद जैसे त्योहार नजदीक होने के कारण फिलहाल मकान खाली कराने की कार्रवाई रोकी जाए और पहले प्रभावित परिवारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। मंडल आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि किसी के साथ नाइंसाफी नहीं होने दी जाएगी। इस दौरान भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने कहा कि गरीब मजदूरों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में मोहम्मद रियाज, नईम कुरैशी, जितेंद्र सिंह गौतम, मनोज वाल्मीकि, विशन कुमार सागर, प्रदीप मौर्य एडवोकेट और मोहम्मद अजहर अंसारी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।