बरेली। थाना अलीगंज क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे 17 वर्षीय छात्र आमीन पुत्र शेर मोहम्मद की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार गांव अंतपुर निवासी आमीन अपने गांव के ही साथी पिंटू के साथ मोटरसाइकिल से आंवला स्थित चाचा नेहरू इंटर कॉलेज परीक्षा देने जा रहा था। रास्ते में लोहड़ी पुल के पास सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने आमीन को मृत घोषित कर दिया। आमीन का साथी पिंटू घायल है, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक भी गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।