बरेली। ईपीएस-95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति बरेली मंडल की मासिक बैठक पुराने बस स्टेशन रोडवेज परिसर में मंडल अध्यक्ष ओ.पी. शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में चार सूत्रीय मांगे न्यूनतम ₹7500 मासिक पेंशन व डीए, पति-पत्नी के लिए निशुल्क उपचार, योजना से वंचित सदस्यों को ₹5000 गुजारा भत्ता तथा न्यूनतम पेंशन लाभ को लेकर 9, 10 और 11 मार्च को जंतर-मंतर, नई दिल्ली में आंदोलन सफल बनाने का निर्णय लिया गया। अध्यक्ष ओ.पी. शर्मा ने कहा कि ईपीएफओ कोष में जमा अंशदान व अनक्लेम धनराशि के ब्याज से मांगें आसानी से पूरी हो सकती हैं, लेकिन बार-बार आश्वासन के बावजूद समाधान नहीं हुआ। मंडल समन्वयक राम लांबा ने चेतावनी दी कि सरकार पेंशनर्स के शांतिपूर्ण संघर्ष को कमजोरी न समझे। उपाध्यक्ष चिरंजीव गौड़ ने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व व सांसदों ने संसद में मुद्दा उठाया है, जबकि उपाध्यक्ष बेचे लाल वर्मा ने कहा कि लाखों पेंशनर्स अब निर्णायक संघर्ष को तैयार हैं। बैठक में बदायूँ, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बरेली से आए करीब 100 पेंशनर्स ने भाग लिया। संचालन आर.एस. गुप्ता ने किया।