बदायूँ: 08 सितंबर। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने युवाओं के सर्वांगीण विकास एवं उचित मार्गदर्शन के उद्देश्य से शिव देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सिविल लाइन, बदायूँ में छात्र-छात्राओं के साथ चर्चा की। चर्चा के दौरान छात्र-छात्राओं ने संघ लोक सेवा आयोग (यू.पी.एस.सी.) की परीक्षा की तैयारी सहित विभिन्न विषयों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मुख्य विकास अधिकारी ने छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में उचित मार्गदर्शन देते हुए नियमित अध्ययन, लक्ष्य निर्धारित कर तैयारी करने तथा समय का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने तथा अपने गुरुजनों का सम्मान करने की अपील की। इसके अतिरिक्त मुख्य विकास अधिकारी ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में ऑडिटोरियम एवं अतिरिक्त कक्षा-कक्ष, थाना कोतवाली परिसर में 48 क्षमता के हॉस्टल/बैरक एवं विवेचना कक्ष तथा सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय भवन में कराए जा रहे मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्य का निरीक्षण किया। थाना कोतवाली परिसर में 48 क्षमता के हॉस्टल/बैरक एवं विवेचना कक्ष में अपूर्ण कार्यों को 15 दिवस में पूर्ण कराने के निर्देश कार्यदायी संस्था को दिए गए। निरीक्षण के दौरान प्रशासकीय विभाग एवं कार्यदायी संस्था के अधिकारीगण मौजूद रहे। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक लाल जी यादव, प्रधानाचार्य वेद रतन शर्मा एवं अन्य शिक्षकगण मौजूद रहे।