बरेली। बीएससी नर्सिंग चतुर्थ वर्ष के इंटर्न छात्र-छात्राओं ने इंटर्नशिप अवधि में हर महीने स्टाइपेंड दिए जाने की मांग की है। छात्रों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को दिया और आर्थिक परेशानी से राहत दिलाने की गुहार लगाई। छात्र एकांश कुमार, अर्पिता सागर, सोनम वर्मा, तमन्ना, अनुपमा ने बताया कि रक्षपाल बहादुर कॉलेज ऑफ नर्सिंग समेत अन्य कॉलेजों के बीएससी नर्सिंग विद्यार्थियों की इंटर्नशिप महाराणा प्रताप सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रही है। इंटर्नशिप के दौरान छात्र ओपीडी, आईपीडी, आपातकालीन सेवाओं और मरीजों की देखभाल समेत विभिन्न क्लिनिकल ड्यूटी कर रहे हैं।छात्रों के मुताबिक इंटर्नशिप के दौरान उन्हें किसी तरह का स्टाइपेंड नहीं मिल रहा है। इससे आने-जाने का किराया, भोजन, अध्ययन सामग्री और रोजमर्रा के खर्च उठाना मुश्किल हो रहा है। दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों की परेशानी और बढ़ जाती है।छात्रों ने मुख्यमंत्री से प्रदेश में बीएससी नर्सिंग इंटर्न छात्रों के लिए समान और स्पष्ट स्टाइपेंड व्यवस्था लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता मिलने से वे बिना तनाव इंटर्नशिप पूरी कर मरीजों की बेहतर सेवा कर सकेंगे। ज्ञापन देने वालों में एकांश कुमार, अर्पिता सागर, सोनम वर्मा, तमन्ना, अनुपमा, अंजलि, बलवीर, कुमार वर्मा, निलेश, निखिल, वेदपाल समेत अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।