बरेली। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत आवेदन के बावजूद महीनों से गैस कनेक्शन नहीं मिलने से नाराज क्षेत्र की निशा , विमला देवी , नीरज गुप्ता , जय देवी , शीला देवी , शिप्रा सक्सेना, तारावती , सुशीला , लक्ष्मी, वीरावती विनीता आदि ने भाजपा की डिप्टी मेयर पूनम राठौर और चंद्रपाल राठौर के नेतृत्व में जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। महिलाओं ने सुरक्षा एचपी गैस एजेंसी, सतीपुर चौराहा के खिलाफ कथित लापरवाही, धन वसूली और अभद्र व्यवहार की शिकायत करते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की। डिप्टी मेयर पूनम राठौर ने बताया कि कई महिलाओं ने करीब छह माह पूर्व उज्ज्वला योजना के तहत आवेदन किया था, लेकिन अब तक कनेक्शन नहीं मिला। आरोप है कि उन्हें बार-बार बाद में आने के लिए कहा जाता है। कुछ महिलाओं ने जांच के नाम पर 300 से 500 रुपये तक लिए जाने का भी आरोप लगाया। ज्ञापन में एजेंसी के आवेदन, कंप्यूटर रिकॉर्ड, जांच रिपोर्ट और लंबित कनेक्शनों का सत्यापन कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई तथा पात्र महिलाओं को शीघ्र कनेक्शन दिलाने की मांग की गई।