बरेली। थाना कोतवाली पुलिस ने खुद को लखनऊ स्थित मानवाधिकार आयोग का वरिष्ठ कार्यकर्ता बताकर लोगों से ठगी करने वाले वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मीरगंज थाना क्षेत्र के पैगा नगरी उर्फ नगरिया भगत निवासी योगेंद्र कुमार (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे बहरोली रोड से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने विशारतगंज थाने में दर्ज एक मुकदमे में फैसला कराने का झांसा देकर वादी से 1.10 लाख रुपये ठग लिए। उसने खुद को मानवाधिकार आयोग का अधिकारी बताते हुए फर्जी फैसलानामा तैयार किया और इसे स्पीड पोस्ट के माध्यम से थाना व वरिष्ठ अधिकारियों को भेजने का भी झूठा दावा किया। वादी की शिकायत पर कोतवाली थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 8 सितंबर की रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सीबीगंज और मीरगंज थानों में धोखाधड़ी, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत कई मुकदमे पहले से दर्ज है।