बदायूँ।।मदर एथीना स्कूल में ‘हिंदी दिवस’ के उपलक्ष्य में ‘हिंदी सप्ताह’ के दूसरे दिन कक्षा-9 और 10 के विद्यार्थियों के लिए एक भव्य ‘हिंदी अभिभाषण प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्रों में हिंदी भाषा के प्रति अभिरुचि बढ़ाना, उनके अभिव्यक्ति कौशल को निखारना और तर्क-वितर्क क्षमता का विकास करना था। जिसका विषय ‘प्राकृतिक आपदाएँ, जिम्मेदार कौन?’ प्रतियोगिता में कक्षा-9 एवं 10 के छात्रों ने समसामयिक, सामाजिक और नैतिक विषयों पर अपने प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट भाषा शैली, स्पष्ट उच्चारण और आत्मविश्वास से परिपूर्ण वक्तव्य से निर्णायक मंडल एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय की निदेशिका चयनिका सारस्वत ने इस अवसर पर बताया कि हिंदी केवल हमारी मातृभाषा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और अभिव्यक्ति का सबसे सशक्त माध्यम है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के भीतर छिपे आत्मविश्वास को बाहर लाती हैं और उन्हें अपनी बात स्पष्टता से रखने का मंच प्रदान करती हैं। मुझे यह देखकर अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि हमारी युवा पीढ़ी अपनी भाषा को इतने गर्व और निपुणता के साथ अपना रही है। सभी प्रतिभागी बधाई के पात्र हैं।