बरेली। थाना क्योलड़िया पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 18 फरवरी को ग्राम करुआ साहबगंज मोड़ पर होली पर्व के मद्देनजर जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया जा रहा था। इसी दौरान रम्पटिया भट्टे के पास धर्मेन्द्र पुत्र हरिनन्दन निवासी ग्राम कटैया आत्माराम को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया, जिसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी युवक का एक वीडियो 17 फरवरी को फेसबुक पर वायरल हुआ था, जिसमें वह अवैध तमंचा लहराता दिखाई दे रहा था। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ थाना क्योलड़िया में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह 12वीं तक पढ़ा है और मजदूरी करता है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक वेद सिंह, उपनिरीक्षक अर्जित कुमार, उपनिरीक्षक अरिमर्दन सिंह, हेड कांस्टेबल नवीन कुमार, कांस्टेबल राजीव कुमार और कांस्टेबल सुमित यादव शामिल रहे।