बरेली। सीबीगंज स्थित सुपीरियर शराब फैक्ट्री पर मंगलवार रात इनकम टैक्स विभाग की टीम ने अचानक छापा मारकर व्यापक जांच शुरू कर दी। रात करीब नौ बजे कई वाहनों से पहुंची टीम ने फैक्ट्री परिसर को घेरते हुए दस्तावेज, कंप्यूटर डेटा और लेखा रिकॉर्ड की पड़ताल की। सूचना मिलते ही कर्मचारियों और प्रबंधन में हलचल मच गई, जबकि मौके पर स्थानीय पुलिस भी सतर्क रही। सूत्रों के अनुसार टीम ने मालिक, मैनेजर समेत कुछ अधिकारियों के मोबाइल फोन जब्त कर डिजिटल जांच शुरू की है। हालांकि उत्पादन प्रभावित न हो, इसके लिए कर्मचारियों की सीमित आवाजाही जारी रखी गई। बाहर लोगों और मीडिया की भीड़ लगी रही, मगर अधिकारियों ने आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की। थाना प्रभारी प्रदीप चतुर्वेदी ने बताया कि उन्हें छापे की पूर्व सूचना नहीं थी। बरेली के कारोबारी हलकों में कार्रवाई से चर्चा तेज है।