बदायूं। कस्तूरबा गांधी विद्यालय, शेखुपुर में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत एक प्रभावी जन-जागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा जिला प्रोवेशन अधिकारी के निर्देशन में किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में बाल विवाह उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से संबद्ध केस वर्कर पुरुषोत्तम शर्मा तथा फाउंडेशन की डायरेक्टर डॉ. कृष्ण सिंह ने विद्यार्थियों को बाल विवाह के कानूनी, सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने बच्चों को बाल विवाह न करने एवं इसके विरुद्ध जागरूक नागरिक के रूप में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई। इसी क्रम में थाना एएचटी टीम ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण नियम, सावधानियां तथा आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले उपायों की जानकारी दी। साथ ही मानव सुरक्षा एवं सहायता से जुड़े आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया, ताकि विद्यार्थी आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सहायता प्राप्त कर सकें। संस्था की सदस्य एवं वॉलिंटियर श्रीमती पूनम सागर ने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए उन्हें आत्मनिर्भर एवं जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती उपासना द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा। यह पहल बदायूं जनपद में बाल विवाह उन्मूलन तथा बाल सुरक्षा के प्रति सामुदायिक जागरूकता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई।