बरेली । अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह ने शुक्रवार को तहसील आंवला के विकासखंड आलमपुर जाफराबाद के ग्राम कुद्धा स्थित गौशाला का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने गौशाला में संरक्षित गोवंशों की संख्या, रख-रखाव, चारा-पानी, साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।एडीएम ने गौशाला संचालक को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने तथा शासन की मंशानुरूप गोवंशों की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त मात्रा में चारा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के साथ साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। गोवंशों के स्वास्थ्य की नियमित जांच कराने तथा बीमार पशुओं को स्वस्थ गोवंशों से अलग रखने के निर्देश भी दिए, ताकि संक्रमण का खतरा न रहे। उन्होंने कहा कि गौशाला में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और गोवंशों को सभी जरूरी सुविधाएं समय से मिलें।निरीक्षण के दौरान एसडीएम आंवला सुशील कुमार मिश्र सहित संबंधित अधिकारी व गौशाला संचालक मौजूद रहे।