बदायूं। ‘उमंग एक पहचान’ कार्यक्रम के अंतर्गत ब्लॉक सालारपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालयों की न्याय पंचायत स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन संविलियन विद्यालय सादुल्लापुर भितारा में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान अशोक एवं राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला सह संयोजक प्रदीप कुमार ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। प्रदीप कुमार ने ‘उमंग एक पहचान’ कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा एवं उद्देश्य से सभी को अवगत कराया। इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं का विधिवत शुभारंभ हुआ। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में 14 बच्चों ने प्रतिभाग किया, जिसमें उपासना मौर्य ने प्रथम तथा सुनैना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में निशा प्रथम और सिमर द्वितीय रहीं। वाद-विवाद प्रतियोगिता में संतोषी ने प्रथम तथा पायल ने द्वितीय स्थान हासिल किया। अंग्रेजी श्रुतिलेख प्रतियोगिता में उपासना प्रथम और सुनैना द्वितीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थी आगामी 18 सितंबर को आयोजित होने वाली ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में अंजली खेतान, विजय कुमार, मंजू सिंह, रजनी शाक्य और शशि परिहार ने सहभागिता की। इस अवसर पर रिंकी सिंह, अंजली श्रीवास्तव, नेहा, निशा सिंह, रुचि शर्मा, कुसुम, रूही तवस्सुम सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। अंत में प्रभारी प्रधानाध्यापक ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, शिक्षकों एवं प्रतिभागी बच्चों का आभार व्यक्त किया।