बरेली। आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बरेली में एम्स की स्थापना की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसीएम द्वितीय को सौंपा। कार्यक्रम का नेतृत्व दिल्ली से आए विधायक सुरेंद्र चौधरी, तिरंगा शाखा के प्रदेश अध्यक्ष जनक प्रसाद तथा डॉ पीपी सिंह यादव ने किया। नेताओं ने कहा कि यदि प्रशासन बरेली में एम्स के लिए जमीन उपलब्ध नहीं करा पा रहा है तो पार्टी कार्यकर्ता स्वयं उपयुक्त भूमि खोजने में सहयोग करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि बरेली विकास प्राधिकरण किसानों से कम कीमत पर जमीन लेकर डोरा रोड क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेच रहा है, जिससे आम नागरिक की पहुंच से जमीन बाहर हो गई है। जनक प्रसाद ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि गरीब जनता के इलाज के लिए जब जमीन देने की बात आती है तो प्रशासन जमीन उपलब्ध न होने का हवाला देता है। उन्होंने यह भी कहा कि समाचार पत्रों से जानकारी मिली कि वर्ष 2021 से प्रस्तावित क्रिटिकल केयर सेंटर जमीन न मिलने के कारण लखनऊ स्थानांतरित कर दिया गया, जो बरेली की जनता के साथ अन्याय है। धरने में राम सिंह मौर्य, नितिन शर्मा, राजेश सिंह, कृष्णा भारद्वाज, आशिक अली, नरेश गुप्ता, सफदर हुसैन, बसंत चौहान, पुष्पा देवी और गीता , साने आलम सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।