बरेली। थाना सुभाषनगर क्षेत्र के गांव ऊंचागांव में अवैध खनन को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। आरोप है कि दबंग खनन माफियाओं ने रातों-रात किसानों के खेतों को तालाब में तब्दील कर दिया। जेसीबी मशीनों और डंपरों से लगातार मिट्टी का खनन किया जा रहा है, जिससे किसानों की फसल और भूमि को भारी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों का कहना है कि बिना किसी मुआवजे और पूर्व सूचना के खेतों से मिट्टी उठा ली गई। विरोध करने पर खनन माफियाओं द्वारा धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित किसानों का कहना है कि उनकी आजीविका का मुख्य साधन खेती है, लेकिन अवैध खनन से उनकी जमीन बर्बाद हो गई है। मामले को लेकर ग्रामवासियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे। शिकायत करने बालों में जितेंद्र पाल, प्रकाश चंद, रामोतार, अमन , अर्जुन , सुनीता , कृष्णा, सुमन , मेवाराम, तोताराम , मुरारीलाल , छत्रपाल, तेजपाल , पवन कुमार , धर्मेंद्र आदि मौजूद थे।