बरेली। थाना फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने बुधवार को अवैध कच्ची शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 10 लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण मय फोर्स गश्त व संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग पर थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर मोहल्ला गिहार बस्ती में अभियुक्त दीपू के मकान के पास बने स्नानघर में छापेमारी की गई। मौके पर अभियुक्त अवैध शराब बनाते हुए पकड़ा गया। तलाशी में 10 लीटर कच्ची शराब और उपकरण बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर थाना फतेहगंज पूर्वी में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी आबकारी अधिनियम के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह करीब 20-22 वर्षों से गिहार बस्ती में रह रहा है और परिवार के भरण-पोषण के लिए अवैध शराब बेचता है। उसके पांच बच्चे हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण, हेड कांस्टेबल पवन कुमार, हेड कांस्टेबल रोहित सिंह, कांस्टेबल सत्यवीर व कांस्टेबल आकाश शामिल रहे।