बरेली। उत्तर प्रदेश ट्रांसपोर्ट यूनियन द्वारा यातायात विभाग एवं परिवहन विभाग के सहयोग से सैटेलाइट चौराहे पर जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बरेली जिले का पहला ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 0581 2565758, 9760160112 विधिवत रूप से जारी किया गया। हेल्पलाइन के प्रचार-प्रसार के लिए शहर में चलने वाले टेंपो, कार सहित विभिन्न वाहनों पर करीब 500 स्टीकर लगाए गए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा से जुड़ सकें। कार्यक्रम में एआरटीओ वैभव सोती एवं ट्रैफिक सीओ हर्ष मोदी बतौर अतिथि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि बरेली जिले में ट्रैफिक कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जो प्रदेश में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने में बड़ी मदद मिलेगी। ट्रांसपोर्ट यूनियन के संरक्षक विशाल मेहरोत्रा एवं महानगर अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला ने संयुक्त रूप से बताया कि पूरे उत्तर प्रदेश में सबसे पहले बरेली में ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर जारी होना जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि अब शहर में कहीं भी जाम की स्थिति बनने पर आम नागरिक हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर सकते हैं, जिस पर ट्रैफिक विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाने में सहायता करेगी। इस पहल से आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा। ट्रांसपोर्टरों की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया गया। जागरूकता कार्यक्रम में संरक्षक विशाल मेहरोत्रा, महानगर अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला, प्रभजीत सिंह, विष्णु शुक्ला, डॉ. प्रदीप सक्सेना, हेमंत, मनोज गुप्ता, ट्रैफिक इंस्पेक्टर रंजीत सिंह, एसआई जितेंद्र सिंह, एसआई कपिल, सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार सहित अनेक लोग मौजूद रहे।