बरेली। विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने थाना भोजीपुरा क्षेत्र में अवैध कॉलोनी और बिना स्वीकृति के किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार अमरजीत सिंह द्वारा भोजीपुरा क्षेत्र में “मॉडर्न विलेज” नाम से लगभग 3000 वर्गमीटर भूमि पर बिना विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के प्लॉटिंग, सड़क निर्माण और बाउंड्रीवाल बनाकर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इस पर प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य ध्वस्त किया। इसके अलावा कई बिल्डरों द्वारा बनाए गए ड्यूप्लेक्स भवनों को भी सील किया गया। सोनू सिंह बिल्डर्स द्वारा करीब 140 वर्गमीटर, सचिन बिल्डर्स द्वारा 160 वर्गमीटर तथा राममूर्ति बिल्डर्स द्वारा 180 वर्गमीटर क्षेत्र में निर्मित ड्यूप्लेक्स भवनों को सील कर दिया गया। वहीं इन्द्रजीत मेहता बिल्डर्स द्वारा लगभग 1200 वर्गमीटर क्षेत्र में बनाए गए 20 ड्यूप्लेक्स आवासीय भवनों पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई उ.प्र. नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 के तहत संयुक्त सचिव दीपक कुमार और विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम एवं अभियंताओं की मौजूदगी में की गई।