बरेली। थाना कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और रंगदारी के गंभीर मामले में नामित अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी पर युवती को प्रेमजाल में फंसाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, वादी की तहरीर पर थाना कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। आरोप है कि अभियुक्त विपिन कुमार उर्फ सुमित कटारिया पुत्र वीर सिंह, निवासी आदर्श नगर थाना नजीबाबाद जनपद बिजनौर ने वादी की पुत्री को मीठी बातों और प्रेमजाल में फंसाकर बरेली जंक्शन स्थित होटल रियो सिटी में बुलाया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने अश्लील फोटो व वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया। आरोपी द्वारा दिनांक 9 अगस्त 2022 व 9 जनवरी 2023 को पुनः उसी होटल में जबरन शारीरिक संबंध बनाने और 35 हजार रुपये की रंगदारी वसूलने का भी आरोप है। इसके बाद 7 सितंबर 2025 को होटल विक्टोरिया ग्रैंड (पुराना रोडवेज) में बुलाकर फिर से जबरन संबंध बनाए और एक लाख रुपये की मांग की। रकम न देने पर अश्लील सामग्री वायरल करने की धमकी दी गई। दिनांक 7 फरवरी को थाना कोतवाली पुलिस टीम द्वारा चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त को चौपला चौराहे के पास बदायूं ओवरब्रिज की सर्विस रोड से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने आईटीआई करने और वर्तमान में कानपुर में ठेकेदारी का कार्य करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शिवम कुमार व हेड कांस्टेबल विष्णु शामिल रहे।