देश का जिम्मेदार नागरिक बना रही स्काउटिंग,जिले की स्काउट संस्था ने देश-दुनियां में बनाईं अनोखी
बदायूं : स्काउट भवन प्रशिक्षण केंद्र पर भारत स्काउट और गाइड द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में जिले के ट्रेनरों को शोल्डर बैज ससम्मान प्रदान किए गए। पदाधिकारियों द्वारा आगामी स्काउट-गाइड गतिविधियों को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की गई। समारोह में जिला संगठन कमिश्नर मोहम्मद असरार और स्काउट प्रशिक्षक नंदराम शाक्य को उनके लंबे समय से किए जा रहे समर्पित, अनुशासित और निस्वार्थ सेवाभाव के लिए शोल्डर बैज ससम्मान प्रदान किए गए। तालियों की गूंज के बीच दोनों पदाधिकारियों को यह सम्मान देकर उनके योगदान को सार्वजनिक रूप से सराहा गया। स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त महेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि स्काउटिंग आंदोलन बच्चों और युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने की प्रयोगशाला है। उन्होंने कहा कि मोहम्मद असरार और नंदराम शाक्य जैसे कर्मठ कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं, जिनके सतत प्रयासों से स्काउट-गाइड का संदेश गांव-गांव और विद्यालय-विद्यालय तक पहुंच रहा है। उन्होंने दोनों को संगठन के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए भविष्य में और भी जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान किया। पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने शोल्डर बैज प्रदान किए। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग की ट्रेनिंग से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व, सेवा और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षकों ने हजारों विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाई है। उनका समर्पण यह सिद्ध करता है कि जब नेतृत्व ईमानदार और उद्देश्य स्पष्ट होता है, तो संगठन स्वतः मजबूत होता है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने जिले में स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार, अधिक से अधिक विद्यालयों को जोड़ने तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने पर भी विस्तार से चर्चा की। जिले की स्काउट संस्था बच्चों को ट्रेनिंग देकर श्रेष्ठ नागरिकों के रुप में तैयार कर रही है। 101 कुष्ठ रोगियों की निस्वार्थ सेवा, बाढ़, भूकंप, तूफानों और प्राकृतिक आपदाओं में जनमानस की सहायता के लिए हमेशा तैयार रहती है। निस्वार्थ सेवा में जिले की स्काउट संस्था ने देश-दुनियां में अनोखी पहचान बनाई है। इस मौके पर प्रेमपाल सिंह, महीपाल सिंह, निखिल चौहान, नेत्रपाल आदि मौजूद रहे।देश का जिम्मेदार नागरिक बना रही स्काउटिंग
–













































































