बदायूं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में प्रस्तावित हिंदू सम्मेलन को लेकर सलारपुर मंडल में तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर जिला प्रचारक भारत भाई साहब, समिति के अध्यक्ष अनेक पाल सिंह, सचिव श्री जोगेंद्र सिंह पटेल तथा विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय सदस्य श्रीमान जगपाल जी द्वारा विधिवत भूमि पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। भूमि पूजन कार्यक्रम में अवधेश पटेल, आर्यन पटेल, दिलीप कुमार, धनपाल सिंह, विवेक राठौर, राजेंद्र सिंह सहित हिंदू समाज के अनेक वरिष्ठ एवं सम्मानित लोग उपस्थित रहे। सभी ने सम्मेलन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सम्मेलन के प्रचार-प्रसार हेतु प्रचार वाहन को भी रवाना किया गया। जिला प्रचारक भारत जी, प्रांतीय सदस्यगण, समिति के अन्य पदाधिकारी एवं ग्रामीणों ने ‘ॐ’ का ध्वज दिखाकर प्रचार वाहन को हरी झंडी दी। यह वाहन विभिन्न गांवों में जाकर सम्मेलन की जानकारी देगा। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समस्त जातियों में समानता और सामाजिक समरसता का संदेश देना है। जिला प्रचारक भारत जी ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 10 फरवरी, मंगलवार को ग्राम सिलहरी में आयोजित हिंदू सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ कथा वाचक मुमुक्ष जी महाराज एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संचालक आदरणीय शशांक भाटिया जी उपस्थित रहेंगे। उनके उद्बोधन के पश्चात भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की है।