बरेली। दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित इंटरनेशनल यूथ होस्टल के सभागार में आयोजित 25वें अंतर्राष्ट्रीय सम्मान समारोह में वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. रजनीश सक्सेना को अंतर्राष्ट्रीय मानद डॉक्टरेट उपाधि सम्मान–2026 से सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम आरोग्य सुख संपदा ग्लोबल ट्रस्ट, यूथ फ्रेटरनिटी फाउंडेशन सहित विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय संस्थानों के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। इस सम्मान से बरेली शहर का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ। कार्यक्रम का आयोजन संयोजक डॉ. सच्चिदानंद शांडिल्य के नेतृत्व में किया गया। मुख्य अतिथियों में सुप्रीम कोर्ट के सॉलिसिटर मोती प्रसाद (एड.), असिस्टेंट (एड.) जनरल श्रेष्ठ कुमार जैन, रोटरी क्लब डिस्ट्रिक्ट 3012 के अध्यक्ष सी.ए. अनुज जैन सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डॉ. रजनीश सक्सेना को पिछले 41 वर्षों से गंगा, गौ संरक्षण, बेटी बचाओ, पर्यावरण संरक्षण और रक्तदान जैसे सामाजिक अभियानों में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर उन्होंने समाजहित में जागरूकता की शपथ दिलाई। सम्मान मिलने पर जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।