बरेली। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष शोभित सक्सेना ने देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को ज्ञापन भेजकर केंद्रीय बजट-2026 का स्वागत किया है। व्यापार मंडल ने बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह बजट वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। आमजन और व्यापारी समाज के हित में बजट में किए गए प्रावधानों की संगठन ने सराहना की है। ज्ञापन में कहा गया कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट भारत की आर्थिक तरक्की के लिए एक विराट प्रयास है, जिसके लिए उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल आभार व्यक्त करता है। साथ ही व्यापारियों से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण मांगों पर भी वित्त मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया गया है। व्यापार मंडल ने मांग की है कि जीएसटी में विलंब से टैक्स जमा करने पर लगाए जाने वाले 18 प्रतिशत ब्याज को घटाकर 9 प्रतिशत किया जाए। इसके अलावा जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों को केंद्र सरकार द्वारा दिए जा रहे 10 लाख रुपये के दुर्घटना बीमा को बढ़ाकर 25 लाख रुपये किया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने आशा और विश्वास व्यक्त किया कि वित्त मंत्री व्यापारियों की इन समस्याओं का शीघ्र समाधान कर उन्हें राहत प्रदान करेंगी। ज्ञापन देने बालो में अमरजीत सिंह बख्शी , हरीश अरोरा , मनोज अरोरा , दानिश जमाल ,सुरेन्द्र त्यागी आदि मौजूद थे।