बरेली। थाना सुभाषनगर पुलिस ने मुकदमा से संबंधित मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को नियमानुसार पुलिस निगरानी में लिया गया है। पुलिस के अनुसार शांति बिहार निवासी पप्पू शर्मा की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि अभियुक्तों ने वादी के 19 वर्षीय पुत्र कमल शर्मा को रास्ते में रोककर जान से मारने की नीयत से चाकुओं से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना प्रभारी सुभाषनगर के नेतृत्व में 2 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर ऊंचा गांव स्थित पानी की पाइप लाइन की होदी के पीछे से साहिल मिश्रा और सनी रावत को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।