बरेली। 30 जनवरी से 1 फरवरी तक गाजियाबाद स्थित हरित यूनिवर्सिटी में आयोजित प्रदेश स्तरीय आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में जनपद बरेली के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में पहली बार बरेली से 20 बालक और 4 बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में प्रेम कुमार श्रेष्ठ ने यूथ वर्ग 75 किलोग्राम भार वर्ग में लेफ्ट हैंड से स्वर्ण पदक तथा सीनियर वर्ग में रजत पदक जीतकर नेशनल प्रतियोगिता के लिए चयन पक्का किया। वहीं संध्या ने यूथ अंडर 50 किलोग्राम वर्ग में राइट हैंड से रजत पदक, खुशी ने यूथ 60 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक प्राप्त किया। शाविका शिशोदिया ने यूथ प्लस 70 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर नेशनल में स्थान बनाया। मास्टर वर्ग 80 किलोग्राम में रीता सिंह ने भी स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रेम कुमार श्रेष्ठ, शाविका शिशोदिया और रीता सिंह मई में गांधीनगर (गुजरात) में होने वाली नेशनल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। बरेली डिस्ट्रिक्ट आर्म रेसलिंग एसोसिएशन के सचिव मुकेश कुमार ने बताया कि इस उपलब्धि से जनपद को गर्व है। उन्होंने बताया कि जल्द ही बरेली में प्रशिक्षण केंद्र खोला जाएगा तथा 12 अप्रैल को जनपद स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। एसोसिएशन ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और नेशनल में पदक विजेताओं को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।