बरेली। अधिवक्ता महजबीन अंसारी हत्याकांड में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से जनाक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। पीड़ित परिवार की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। बुधवार को इसी के समर्थन में आज़ाद समाज पार्टी (कांशी.) के नेता, अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। आज़ाद समाज पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य अधिवक्ता अछछन अंसारी के नेतृत्व में चल रही भूख हड़ताल के समर्थन में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। पार्टी के जिलाध्यक्ष ने कहा कि जब तक शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। गौरतलब है कि प्रेमनगर थाना क्षेत्र में 27 नवंबर को अधिवक्ता महजबीन अंसारी की संदिग्ध परिस्थितियों में ससुराल में हत्या कर दी गई थी। मृतका की इसी वर्ष फरवरी में डॉ. ताल्हा से शादी हुई थी। मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पति, सास और ससुर जेल भेजे जा चुके हैं, लेकिन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिवार और समर्थकों में रोष व्याप्त है।