बरेली। थाना किला पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 310 चरखी प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया। पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर 10 सितंबर को विजेन्द्र दिवाकर (36) निवासी खन्नू मोहल्ला को किला पुल के नीचे से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 300 चरखी मांझा बरामद हुआ। वहीं कृष्ण गोपाल (40) निवासी लोहान गली, गुलाब नगर को गढ़ी चौकी से इंडियन पैलेस जाने वाले रास्ते पर पुल के नीचे से पकड़ा गया। उसके कब्जे से 10 चरखी मांझा मिला। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने प्रतिबंधित मांझा बाहर से मंगाकर रखा था और कार्रवाई के डर से उसे दुकान से हटाकर दूसरे स्थान पर ले जा रहे थे। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।