बदायूं। हिंदी साप्ताहिक बदायूँ संदेश के पूर्व संपादक विजय पुष्कर का कल देर रात उनके आवास पर निधन हो गया। वह करीब 72 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पत्रकारिता जगत सहित शहर में शोक की लहर दौड़ गई। आज सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग उनके छह सड़का स्थित आवास पर पहुंचे और पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। विजय पुष्कर पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका बरेली में उपचार भी चल रहा था। कल देर रात उन्होंने छह सड़का और सिटी मॉल के पास बंद पड़े प्रकाश टॉकीज के निकट स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिचितों, शुभचिंतकों, पत्रकारों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। परिजनों के अनुसार विजय पुष्कर अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। उनके निधन पर लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि विजय पुष्कर सरल स्वभाव के व्यक्ति थे और पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। दोपहर करीब ढाई बजे के बाद उनकी अंतिम यात्रा आवास से लालपुल स्थित मुक्ति धाम के लिए रवाना हुई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में शहर के लोग, परिचित, शुभचिंतक और पत्रकार शामिल हुए। लालपुल स्थित मुक्ति धाम पर विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान मौजूद लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।