बरेली। उन्नाव रेप कांड के मुख्य आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर को जमानत पर रिहा करने और उसकी सजा निलंबित किए जाने के फैसले के खिलाफ देशभर में रोष फैल गया है। इस फैसले से पीड़िता और उसकी मां बेहद आहत और भयभीत हैं। पीड़िता ने आशंका जताई है कि आरोपी के बाहर आने से उसकी और उसके परिवार की जान को खतरा है। इसी के विरोध में पीड़िता ने दिल्ली के इंडिया गेट पर धरना देने का प्रयास किया, जहां पुलिस द्वारा उसे हटाए जाने का आरोप लगाया गया। सीबीआई ने भी अदालत में इस बात पर आपत्ति जताई थी कि कुलदीप सिंह सेंगर इस मामले का मुख्य अभियुक्त है और उसकी रिहाई से महिलाओं में न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास कमजोर होगा। इसी क्रम में बुधवार को बरेली में सामाजिक कार्यकर्ता व समाजवादी पार्टी की नेत्री समयुन ख़ान के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने चौकी चौराहे पर एकत्र होकर आरोपी की सजा बहाल करने और पीड़िता की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। प्रदर्शन में शीला यादव, तंजीम फातिमा, कौसर बी, पारो देवी, बबिता, समीक्षा कुमारी, तान्या, वर्षा, सरोज देवी, मोना, पूजा कौर, रेशमा, रुकसाना, गीतिका मौर्य, अनुपमा समेत बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।