बदायूं। हिन्दी दिवस के अवसर पर पार्वती आर्य कन्या संस्कृत इंटर कॉलेज में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डा. इन्दु शर्मा द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर व दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या अमिता आलोक एवं लिपिक उदयन ने अतिथियों को पटका पहनाकर सम्मानित किया। संचालन नीलम आर्या ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई। इसके बाद छात्राओं ने हिन्दी भाषा के महत्व पर आधारित नृत्य-नाटिका, व्यंग्य नाटिका और महान कवियों कबीर, सूर, तुलसी, भारतेन्दु, महादेवी वर्मा, निराला, पंत, दिनकर, रहीम, रसखान आदि के स्वरूप धारण कर उनकी रचनाओं की प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि डा. इन्दु शर्मा ने अपने संबोधन में हिन्दी की महत्ता पर प्रकाश डाला और प्रतिभागियों की सराहना की। विद्यालय की प्रबंधिका डा. प्रतिभा मिश्रा ने अपनी स्वरचित कविता प्रस्तुत की। वहीं प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने हिन्दी भाषा की उन्नति पर बल दिया। कोषाध्यक्ष मौ. खिजर ने हिन्दी के प्रचार-प्रसार के लिए प्रेरित किया। संस्कृत विद्वान राधेश्याम अवस्थी ने हिन्दी की उत्पत्ति और विकास पर विचार व्यक्त किए। डा. प्रतिभा मिश्रा और अवस्थी जी ने संयुक्त रूप से विजेता छात्राओं को पुरस्कृत किया। अंत में प्रधानाचार्या अमिता आलोक ने सभी शिक्षिकाओं व अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कुसुम राठौर, किरण बाला, रेनू गुप्ता, गुंजन, पूनम यादव, लक्ष्मी शर्मा, अरुण राठौर, पूनम रस्तोगी, नेहा, मंजू, श्रद्धा भारती, संगीता राघव, सीमा शर्मा सहित समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।