बरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से जिले में शांतिपूर्ण और सख्त निगरानी के बीच शुरू हो गईं। नकल रोकने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिले में कुल 130 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां हाईस्कूल और इंटरमीडिएट मिलाकर 92,135 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। पहली पाली में हाईस्कूल के हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित हुई, जिसमें 27,528 छात्र और 22,449 छात्राएं, कुल 49,977 परीक्षार्थियों ने भाग लिया। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में 23,654 छात्र और 18,504 छात्राएं, कुल 42,158 परीक्षार्थी शामिल हुए । परीक्षा केंद्रों पर 722 वॉइस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है, ताकि परीक्षा नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके। सुबह से ही परीक्षार्थियों में उत्साह देखने को मिला। कई छात्र-छात्राएं सुबह 6:30 बजे से ही केंद्रों पर पहुंच गए थे। प्रवेश से पहले कड़ी जांच और प्रश्नपत्रों की पड़ताल के बाद ही उन्हें अंदर जाने दिया गया। पहली बार बोर्ड परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों में विशेष उत्सुकता नजर आई, जबकि कई छात्र विद्यालयों की दीवारों पर चस्पा सूची में अपना नाम और कक्ष संख्या खोजते दिखाई दिए। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार सभी केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।