बरेली। थाना भोजीपुरा पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और ई-रिक्शा बरामद किया है। पुलिस टीम संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान 16 फरवरी की रात कमुआ मोड़ के पास पहुंची, जहां मुखबिर की सूचना पर निहाल पुत्र अब्दुल जलील निवासी धौराटांडा को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई, जो संबंधित मुकदमे में दर्ज थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने मोटरसाइकिल दो दिन पहले परसूनगला स्थित एक शादी हॉल से चुराई थी और चाबी न होने के कारण उसे ई-रिक्शा में लादकर ले जा रहा था। उसने यह भी कबूल किया कि ई-रिक्शा भी दो दिन पहले कस्बा शाही बाजार से चोरी किया था और दोनों वाहनों को बेचने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। जांच में सामने आया कि आरोपी का पूर्व में भी कई थानों में चोरी, शस्त्र अधिनियम व अन्य धाराओं में आपराधिक इतिहास दर्ज है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रुकमेश कुमार, उपनिरीक्षक गौरव चौधरी, हेड कांस्टेबल परमानंद और कांस्टेबल संजय सागर शामिल रहे।