स्काउट संस्था के पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर ने गोविंद बल्लभ पंत की जन्मस्थली पर अर्पित किए श्रद्धा सुमन
बदायूं। भारत स्काउट और गाइड संस्था के तत्त्वावधान में स्काउट संस्था के पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने अल्मोड़ा स्थित भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत के पैतृक गांव खूंट पहुंचे और उनकी जन्मस्थली पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। राष्ट्रपुरुष को नमन वंदन किया। भारत माता के जयकारे लगाए। उन्हें भारतीय राजनीति और समाज सुधार का आदर्श व्यक्तित्व बताया। स्काउट संस्था के पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि भारत रत्न गोविंद बल्लभ पंत का जीवन हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर देश की आजादी और आजाद भारत के पुनर्निर्माण में अभूतपूर्व योगदान दिया। देश के चौथे गृहमंत्री के रूप में उन्होंने भारत की एकता और अखंडता को सुदृढ़ करने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत ने न केवल स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भूमिका निभाई, बल्कि शिक्षा, सामाजिक सुधार और लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने में भी अमूल्य योगदान दिया। उनका साधारण जीवन, सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रभक्ति आज भी हर भारतीय के लिए प्रेरणास्पद है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे पंडित गोविंद बल्लभ पंत के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और राष्ट्रहित में कार्य करें। उन्होंने कहा कि पंत जैसे महापुरुषों को स्मरण करना केवल श्रद्धांजलि देना नहीं है, बल्कि उनके जीवन मूल्यों को व्यवहार में लाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। भविष्य की पीढ़ियों को प्रेरणा देने का संकल्प है। नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। आज के बच्चों को पंडित पंत जैसे महापुरुषों की जीवनगाथा से प्रेरणा लेनी चाहिए। केवल किताबों में नहीं, बल्कि व्यवहारिक जीवन में उनके आदर्शों को उतारना ही भारत को सशक्त बनाएगा।













































































