बरेली। बरेली-बदायूं सिंचाई परियोजना, 300 बेड के सरकारी अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं में सुधार तथा चौपाल पुल पर गलत तरीके से हुए सड़क निर्माण जैसी जनहित व किसान हित की मांगों को लेकर किसान एकता संघ पिछले एक वर्ष से आंदोलनरत है। लेकिन जिला प्रशासन द्वारा इन मांगों की अनदेखी किए जाने से किसानों में भारी नाराजगी है। इसी क्रम में आज किसान नेता डॉक्टर रवि नगर के नेतृत्व में सैकड़ों किसान दामोदर स्वरूप पार्क से रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में किसानों ने सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री को गुलाब का फूल भेंट कर अपनी नाराजगी व्यक्त की। डॉक्टर रवि नगर ने कहा कि, “प्रशासन ने जनहित और किसान हित की मांगों पर आंखें मूंद रखी हैं। आज हमने गुलाब का फूल देकर स्पष्ट कर दिया है कि यह आंदोलन गांधीवादी तरीके से जारी रहेगा। अगर हमारी मांगें पूरी नहीं हुईं तो 18 सितंबर को रामगंगा से गंगाजल लेकर दामोदर स्वरूप पार्क में हवन कर शपथ ग्रहण करेंगे कि चाहे कितनी भी कठिनाई क्यों न आए, हम अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसानों की समस्याओं पर प्रशासन ध्यान नहीं देगा तो बरेली के किसान प्रतिनिधियों की बात कौन सुनेगा। सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने किसानों की मांगों पर विचार करने के लिए तीन दिन का समय मांगा है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव यज्ञ प्रकाश गंगवार, प्रदेश अध्यक्ष (युवा मोर्चा) पंडित राजेश शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी श्यामपाल सिंह गुर्जर, मंडल अध्यक्ष बहुरन लाल गुर्जर, डॉ. अंशु भारती, जयसिंह यादव, खेतल सिंह गुर्जर, सरदार गुरमीत सिंह, अवधेश गुर्जर, संजय पाठक, जंगी सिंह, दीपक पांडे, महेंद्र यादव, सतपाल नेताजी, रंजीत पाल, मुनेश गुर्जर, शहादत खान, लखपत सिंह यादव, पेशकार सिंह, शिवम दुबे, वीरेश भगत सहित बड़ी संख्या में किसान एकता संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।