बिल्सी। तहसील सभागार में आज सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस बड़े धूमधाम से मनाया गया। यहां एसडीएम आरबी सिंह, सीओ अनिरुद्ध सिंह एवं तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने अपने-अपने कार्य क्षेत्र में बेहतर सेवा देने वाली महिला एवं छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके अलावा क्षेत्र की आठ महिलाओं को आवासीय भूमि के पट्टे का प्रमाण पत्र भी दिए गए। एसडीएम ने कहा कि महिलाएं सशक्त बने निर्भीक होकर अपने जीवन जिए। सीओ अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि महिलाएं हमारे देश का गौरव है। महिलाएं हर क्षेत्र में पहुंच रही है। महिलाओं को सशक्त बनना चाहिए। शासन द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए है। संकट में इस नंबर पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती है। ताकि उनकी शिकायत का जल्द निराकरण कराया जाए सके। इस मौके पर अवध प्रताप सिंह, जय भगवान सिंह, जितेंद्र कुमार सिंह, सुधाकर शर्मा, अतुल सक्सेना, भारती मालपानी, डा. प्रगति शर्मा, नुसरत जहां, पूनम यादव, गरिमा, भावना, सुमन आदि मौजूद रही। इधर नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में भी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को समाज में समान एवं उनके अधिकार दिलाना है। इस मौके छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इधर नगर के मोहल्ला संख्या तीन प्राथमिक स्कूल में भी महिला दिवस धूमधाम से मनाया गया। प्रधानाध्यापक महेंद्र पाल शर्मा ने बच्चों को सुरक्षा की शपथ ग्रहण कराई गई। इस मौके पर अमर चंद्र, शबनम तनवी, राजाराम, सोहनपाल आदि मौजूद रहे।