बरेली। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रविवार को कान्हा उपवन गौशाला में सेवा अभियान चलाकर साफ-सफाई की और गौसेवा की। अभियान में बरेली के महापौर डॉक्टर उमेश गौतम भी शामिल हुए। उन्होंने स्वयं गौशाला परिसर में सफाई की, गायों को गुड़ खिलाया और लोगों से गौसेवा में भागीदारी की अपील की।बारिश के बाद गौशाला में जलभराव और अव्यवस्था को देखते हुए कार्यकर्ताओं ने परिसर का निरीक्षण किया। गौशाला का क्षेत्र नीचा होने और पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कई स्थानों पर पानी भर गया था। कार्यकर्ताओं ने रास्तों से पानी हटाया, टीन शेड की सफाई की तथा गायों को चारा, केले और फल भी खिलाए। महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि लोग अपने जन्मदिन, माता-पिता की पुण्यतिथि और अन्य विशेष अवसरों पर कान्हा उपवन आकर गौसेवा करें। उन्होंने कहा कि गौशाला में सेवा करने से आत्मिक संतोष मिलता है और कोई भी व्यक्ति यहां आकर सेवा कार्य कर सकता है।विभाग संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह सोम ने कहा कि गौशालाओं के बेहतर संचालन के लिए जनसहभागिता जरूरी है। महानगर मंत्री संजय शुक्ला ने निराश्रित पशुओं की समस्या के समाधान के लिए बैलों के बधियाकरण को आवश्यक बताया। महानगर अध्यक्ष आशु अग्रवाल ने समाज से गौशालाओं में नियमित सहयोग और दान-पुण्य की अपील की।अभियान के दौरान महापौर ने नौ लोगों को गायें भी वितरित कीं। कार्यक्रम में अमित भारद्वाज, संजय शुक्ला ,अमित पाल, अंकित कुमार, आशीष शर्मा, जितेंद्र कश्यप, दिव्य चतुर्वेदी, कमलेश वर्मा, राजकुमार राजपूत, डॉ. आशु गोस्वामी, विपिन राठौर , राजेंद्र राजपूत , अजय सिंह , ईशान सक्सेना, बिक्की वर्मा , केवलानंद गौड़, सिद्धार्थ शर्मा , रोहित , विशाल मिश्रा , सहित विहिप और बजरंग दल के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।