बदायूं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेहतर सुविधाओं के साथ जीना, हर नागरिक का अधिकार है। स्मार्ट सड़कें और चमचमाती स्ट्रीट लाइटों की रोशनी समेत शुद्ध पेयजल व बेहतर सफाई व्यवस्था केवल भाजपा के शासन में संभव है। पहले यहां के नेता युवाओं को तमंचा थमाते थे, गोकशी कराते थे। जबकि इस सरकार में युवा टेबलेट लेकर घूम रहे हैं और गौसेवकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। शहर के इस्लामियां इंटर कालेज के मैदान पर आयोजित जनसभा में पहुंचने के बाद सीएम 20 मिनट तक यहां मौजूद हजारों की भीड़ से रूबरू हुए। कहा कि यूपी अब दंगे के नाम से नहीं बल्कि दीपोत्सव के आयोजन से पहचाना जाता है और ऐसा डबल इंजन की भाजपा सरकार में ही संभव हुआ है। युवा टेबलेट के जरिये डिजिटल इंडिया की ओर आगे बढ़कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं। एक करोड़ युवाओं को मिलेगी नौकरी सीएम ने कहा कि ग्लोबल इंवेस्ट के प्रोजक्ट जमीन पर उतरेंगे तो प्रदेेश के एक करोड़ युवाओं को नौकरी मिलेगी। युवाओं को नौकरी के लिए अपना प्रदेश या देश छोड़ना नहीं पड़ेगा। बल्कि नौकरियां इसी प्रदेश में उनका स्वागत करती दिखेंगी। विधायक धन मांगते हैं तो अच्छा लगता है सीएम ने कहा कि बदायूं के सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता हों या दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह। या फिर बिल्सी विधायक हरीश शाक्य। जब ये लोग हमारे सामने आते हैं और सदन में खुलकर कहते हैं कि हमें क्षेत्र का विकास कराने के लिए पैसा चाहिए, तो मुझे खुशी होती है। यही विधायक कुछ न कुछ नया सोचकर हमें प्रस्ताव भेजते हैं तो हमें खुशी होती है। सीएम ने कहा कि बदायूं से एक्सप्रेस वे होकर गुजर रहा है, जो मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा। इसके बाद उन्होंने सभी नगर पालिका व नगर पंचायतों में भाजपा के दावेदारों को वोट देने की अपील जनता से की।