कर्मियों व पेंशनरों को दिवाली से पहले देगी बोनस व बढ़े डीए : योगी आदित्यनाथ
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार सरकारी कर्मचारियों को दिवाली (Diwali 2021) से पहले बोनस और बढ़े हुए डीए की सौगात दे सकती है. वित्त विभाग ने बोनस का प्रस्ताव तैयार कर सीएम योगी आदित्यनाथ की सहमति के लिए भेज दिया है. इसका लाभ यूपी के 28 लाख कर्मियों व पेंशनरों को मिलेगा. इसके अलावा महंगाई भत्ते व महंगाई राहत की मंजूरी का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है. अक्टूबर के वेतन के साथ नवंबर में नकद देने का प्रस्ताव है. बोनस की अधिकतम सीमा 7000 रुपए प्रस्तावित है.
दिवाली से पहले मिल सकता है बढ़ा हुआ DA
योगी सरकार राज्य कर्मचारियों को अभी मूल वेतन के 28 फीसद की दर से डीए का भुगतान कर रही है. तीन फीसद डीए बढ़ने से यह 31 फीसद हो जाएगा. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश सरकार दिवाली से पहले बढ़े हुए तीन फीसद डीए दे सकती है. अक्टूबर के वेतन के साथ नवंबर में नकद देने का प्रस्ताव है.
सीएम योगी की सहमति के लिए भेजी गई फाइल
वित्त विभाग अराजपत्रित राज्य कर्मचारियों, दैनिक वेतन भोगी और वर्कचार्ज कर्मचारियों को बोनस देने की फाइल तैयार कर ली है. अब सिर्फ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश का इंतजार हो रहा है. इसके साथ डीए की फाइल तैयार करने के लिए केंद्र सरकार के सर्कुलर का इंतजार हो रहा है. डीए वृद्धि का सर्कुलर अपलोड हो जाने पर यूपी में भी इसकी फाइल तैयार हो जाएगी.
इस दिन प्रदेश सरकार कर सकती है घोषणा
जानकारी के मुताबिक बुधवार या गुरुवार तक योगी सरकार भी डीए व बोनस देने की घोषणा कर सकती है.जुलाई महीने के महंगाई भत्ते (डीए) का लाभ जुलाई से ही राज्य कर्मचारियों को मिलेगा. सरकार तय करेगी कि जुलाई से सितंबर तक की धनराशि एरियर के रूप में या भविष्य निधि खातों और अन्य बचत पत्रों के जरिए देगी. इसके साथ ही पेंशनरों के लिए महंगाई राहत (डीआर) की घोषणा भी होने की उम्मीद है. इसका लाभ उत्तर प्रदेश के 28 लाख सरकारी कर्मचारियों व पेंशनरों को मिल सकता है.













































































